मुंगेली/जिले की राजनीति में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक नियुक्ति की गई है। भारतीय जनता पार्टी जिला मुंगेली के जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी द्वारा मुंगेली विधानसभा के आईटी सेल के लिए नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। युवा नेता घनश्याम यादव को मुंगेली विधानसभा का आईटी सेल विधानसभा प्रभारी नियुक्त किया गया है।
यह नियुक्ति संगठन में उनकी लगातार सक्रियता,निष्ठा और अनुशासित कार्यशैली को देखते हुए की गई है। घनश्याम यादव की नियुक्ति के बाद राजनीतिक और संगठनात्मक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। माना जा रहा है कि इससे भाजपा के डिजिटल और आईटी आधारित संगठनात्मक कार्यों को नई गति मिलेगी।
घनश्याम यादव लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। चाहे चुनावी समय हो या संगठन द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न अभियान वे हर मोर्चे पर पूरी मेहनत और समर्पण के साथ डटे नजर आते रहे हैं। संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और युवाओं के बीच मजबूत पकड़ उन्हें एक प्रभावशाली कार्यकर्ता के रूप में स्थापित करती है।
पूर्व मंत्री एवं मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले के करीबी समर्थकों में गिने जाने वाले घनश्याम यादव को संगठनात्मक रणनीति की अच्छी समझ रखने वाला नेता माना जाता है। पार्टी के भीतर यह उम्मीद जताई जा रही है कि उनके नेतृत्व में आईटी सेल और अधिक सक्रिय,मजबूत और प्रभावी भूमिका निभाएगा।
अपनी नियुक्ति के बाद घनश्याम यादव ने मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले,जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो भरोसा उन पर जताया है,उस पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगे और संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार काम करते रहेंगे।



