मुंगेली/प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव के द्वारा नगरीय क्षेत्र के 5 स्थानों में स्वागत द्वार को लेकर जून महीने में 3 करोड़ 63 लाख की राशि की घोषणा की गई थी जिसके स्वीकृत होने के पश्चात जारी कार्य आदेश के अनुसार गुरुवार को नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों के द्वारा भूमिपूजन किया गया इसके साथ ही नगर के विकास को नई दिशा देने की कड़ी में गुरुवार को मुंगेली के रायपुर रोड स्थित प्रस्तावित भव्य प्रवेश द्वार के निर्माण हेतु भूमि पूजन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर के जनप्रतिनिधियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और नारियल फोड़कर कार्य की शुरुआत कराई।
भूमि पूजन कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला,नगर पालिका उपाध्यक्ष जय प्रकाश मिश्रा,पार्षद सूरज यादव तथा पार्षद प्रतिनिधि आयुष शुक्ला मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सभी ने मंत्रोच्चारण और फूल-मालाओं के साथ भूमि पूजन कर नगर के लिए यह नया प्रवेश द्वार शुभारंभ किया।
अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने बताया कि यह भव्य प्रवेश द्वार मुंगेली की पहचान बनेगा और आने वाले यात्रियों को शहर की गरिमा और सांस्कृतिक महत्व का संदेश देगा। यह सौंदर्यीकरण एवं नगरीय विकास के तहत एक महत्वपूर्ण कदम है। वहीं उपाध्यक्ष जय प्रकाश मिश्रा ने कहा कि नगर के मुख्य मार्गों के विकास के साथ ही जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कई योजनाओं पर तेज़ी से काम जारी है।
स्थानीय लोगों ने भी इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि प्रवेश द्वार बनने से न केवल शहर की खूबसूरती बढ़ेगी,बल्कि मुंगेली को नई पहचान मिलेगी।
नगर पालिका द्वारा जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाने की जानकारी दी गई है और उम्मीद जताई जा रही है कि यह प्रवेश द्वार आने वाले समय में मुंगेली का आकर्षण केंद्र बनेगा।





