मुंगेली/छत्तीसगढ़ी सिनेमा को नई दिशा देने वाले चर्चित प्रोड्यूसर अशोक तिवारी ने अपनी नई फ़िल्म ‘लोक परलोक’ की आधिकारिक घोषणा कर दी है। यह फ़िल्म जनवरी महीने में शूटिंग फ़्लोर पर जाने वाली है,जिसकी तैयारियां तेज़ी से जारी हैं। फ़िल्म में लोकप्रिय कलाकार धनेश साहू और आराधना साहू मुख्य जोड़ी के रूप में नज़र आएंगे,जिन्हें दर्शक पर्दे पर साथ देखने को लेकर पहले से ही उत्साहित हैं।
अशोक तिवारी इससे पहले ‘माटी मोर मितान’,‘रंगरसिया’ और ‘रंगोबती’ जैसी सफल छत्तीसगढ़ी फ़िल्में बना चुके हैं। एक प्रोड्यूसर होने के साथ-साथ वह एक जाने-माने गीतकार भी हैं,जिनके गीत अलबमों की दुनिया में बेहद लोकप्रिय रहे हैं।
एक मुलाकात में हुए बातचीत में तिवारी ने बताया कि ‘लोक परलोक’ की कहानी उन्होंने खुद लिखी है,और फ़िल्म का निर्देशन छत्तीसगढ़ी सिनेमा की बारीकियों को बखूबी समझने वाले निर्देशक तंबी कर रहे हैं। फ़िल्म की शूटिंग कवर्धा की खूबसूरत वादियों में की जाएगी,जहां प्राकृतिक सौंदर्य कहानी को और प्रभावी रूप से पेश करने में मदद करेगा।
फ़िल्म में कई मजबूत और अनुभवी कलाकारों की लंबी फेहरिस्त शामिल है
सुदामा शर्मा,योगेश अग्रवाल,हेमलाल कौशल,बिंदास बहूरानी,राजू पांडे,विजय मिश्रा ‘अमित’,शैलेन्द्र भट्ट,रिंकू पांडे,शौर्य सिंह,रज्जू चंद्रवंशी,राजू मानिकपुरी,अन्नू शर्मा,कृष्णा साहू,शैलेन्द्र भट्ट,सेवक और कका महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नज़र आएंगे।
फ़िल्म के डीओपी लक्ष्मण यादव होंगे,जबकि संगीत सुनील सोनी का रहेगा। फ़िल्म के सभी गीत अशोक तिवारी ने खुद लिखे हैं,जो दर्शकों के बीच पहले से ही उम्मीदें जगा रहे हैं।
‘लोक परलोक’ के माध्यम से टीम एक बार फिर छत्तीसगढ़ी संस्कृति,लोककथाओं और मानवीय संवेदनाओं को बड़े पर्दे पर दिलचस्प अंदाज़ में पेश करने की तैयारी में है। फ़िल्म की रिलीज़ तारीख अभी घोषित नहीं की गई है,लेकिन उम्मीद है कि यह प्रोजेक्ट आने वाले साल में छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री को एक नई ऊंचाई देगा।



