मुंगेली/जिले ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जेसीज पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल,मुंगेली के मेधावी छात्र पोलेश्वर साहू ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (PSC) 2024 की परीक्षा में टॉप-10 में चौथा स्थान हासिल कर पूरे जिले का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार,बल्कि स्कूल और मुंगेली की धरती को गर्व से भर दिया है।
पोलेश्वर साहू,पिता लेखराम साहू निवासी मुंगेली/पोलेश्वर,स्कूल में हमेशा से ही मेधावी छात्रों में गिने जाते रहे हैं। उन्होंने 2016 में कक्षा 12वीं में 80.8% अंक प्राप्त कर अपनी कक्षा में चौथा स्थान हासिल किया था। इससे पहले वे कक्षा 10वीं में 82% अंक लेकर उत्तीर्ण हुए थे। पढ़ाई के प्रति उनकी लगन और निरंतर मेहनत ने उन्हें आज डिप्टी कलेक्टर के प्रतिष्ठित पद तक पहुंचाया है।
पोलेश्वर की सफलता पर जेसीज स्कूल समिति के अध्यक्ष हिमांशु मिश्रा सहित समिति के सभी सदस्य तथा विद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। स्कूल के प्राचार्य सुनील पाण्डेय ने कहा कि पोलेश्वर की उपलब्धि ने पूरे विद्यालय को गौरवान्वित कर दिया है। जिन शिक्षकों ने उन्हें पढ़ाया वे सभी अत्यंत प्रसन्न हैं और इसे विद्यालय के लिए प्रेरणादायक क्षण बता रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पोलेश्वर हमेशा से ही मेहनती,अनुशासित और लक्ष्य के प्रति समर्पित छात्र रहा है। उसकी इस सफलता से विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी कि संकल्प और निरंतर परिश्रम से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी इसी विद्यालय ने प्रशासनिक सेवाओं में उत्कृष्ट प्रतिभा दी है। जेसीज पब्लिक स्कूल के ही छात्र अर्पण चोपड़ा ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में 313वीं रैंक हासिल कर स्कूल और जिले का नाम उज्ज्वल किया था।
पोलेश्वर साहू का डिप्टी कलेक्टर पद पर चयन होना विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक व्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण का परिणाम माना जा रहा है। उनकी सफलता ने मुंगेली जिले के हर घर में खुशी और गर्व की लहर ला दी है।



