मुंगेली/नगरवासियों के लिए राहत की खबर है। लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी मुंगेली-रायपुर मुख्य मार्ग से जिला अस्पताल को जोड़ने वाली सड़क अब जल्द ही नई सूरत में नजर आएगी। नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों के निरंतर प्रयासों से इस महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है। लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा लगभग 30 लाख रुपये की लागत से 500 मीटर लंबे इस सड़क का निर्माण कार्य किया जाएगा।
निर्माण कार्य प्रारंभ होने से पूर्व नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया तथा गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला,नेता प्रतिपक्ष एवं पार्षद मोहन मल्लाह,पार्षद प्रतिनिधि मकबूल खान,पार्षद संजय चंदेल,पार्षद प्रतिनिधि आयुष शुक्ला,पार्षद कुलदीप पाटले,पार्षद निमेश देवांगन,पार्षद प्रतिनिधि सत्तू सिंह ठाकुर,तथा नगर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी होरी सिंह ठाकुर सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्थानीय नागरिकों ने इस सड़क निर्माण के निर्णय का स्वागत किया है। उनका कहना है कि इस मार्ग के जर्जर होने से अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों और आम नागरिकों को भारी परेशानी होती थी।अब नई सड़क बनने से आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र की सुंदरता में भी वृद्धि होगी।
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहा कि शहर की प्रमुख सड़कों का पुनर्निर्माण प्राथमिकता में है। जनसहयोग और प्रशासनिक समन्वय से नगर के विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
यह सड़क निर्माण न केवल आम जनजीवन को आसान बनाएगा बल्कि शहर के स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को भी सुदृढ़ करेगा।




