मुंगेली/छत्तीसगढ़ कांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल द्वारा मंगलवार को सिंधी समाज और उनके आराध्य देव भगवान श्री झूलेलाल जी के प्रति अमर्यादित व आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने से पूरे सिंधी समाज में गहरा रोष व्याप्त है। इस संबंध में मुंगेली के सिंधी समाज के प्रतिनिधियों ने सिटी कोतवाली पहुंचकर पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और आरोपी पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
सिंधी समाज के सदस्यों ने ज्ञापन में कहा कि सार्वजनिक मंच से सिंधी समाज को “पाकिस्तानी” कहकर संबोधित करना और भगवान श्री झूलेलाल जी पर अपमानजनक टिप्पणी करना न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाला कार्य है,बल्कि यह समाज में साम्प्रदायिक सौहार्द और एकता के लिए भी गंभीर खतरा है।
समाज के लोगों ने कहा कि ऐसे बयान से शांति,भाईचारा और सामाजिक समरसता को ठेस पहुँचती है। उन्होंने मांग की कि प्रशासन इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करे और अमित बघेल पर कठोर कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की धार्मिक और सामाजिक भावना भड़काने वाली टिप्पणी करने से पहले सौ बार सोच सके।
सिंधी समाज के प्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि उनका समाज सदैव राष्ट्रप्रेम,भाईचारे और एकता में विश्वास रखता है,लेकिन अपने धर्म,संस्कृति और आराध्य देवता के प्रति किसी भी प्रकार का अपमान किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
शासन प्रशासन से अपील करते हुए समाज ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे बड़े पैमाने पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।




