मुंगेली/नगर में सर्व हिंदू समाज द्वारा सोमवार को एक विशाल पैदल रैली का आयोजन किया गया,जिसमें सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर गौवंश संरक्षण और धर्मांतरण रोकथाम के मुद्दों पर अपनी एकजुटता प्रदर्शित की। यह रैली हिंदू समाज की सांस्कृतिक चेतना और परंपरागत मूल्यों की रक्षा का प्रतीक बन गई।
रैली की अगुवाई गौवंश सेवक आदेश सोनी (बिलासपुर) और ठाकुर राम सिंह ने की। रैली कृषि उपज मंडी से प्रारंभ होकर नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई रेस्ट हाउस पहुंची,जहां प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को अपनी मांगों से जुड़ा विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में गौवंश हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने,गौ-रक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और धर्मांतरण के मामलों में कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। इस दौरान रैली में ‘गौ हत्या बंद करो’, ‘धर्मांतरण रोक लगाओ’जैसे नारों से पूरा शहर गूंज उठा।
गौवंश सेवक आदेश सोनी ने अपने संबोधन में कहा,“हम 2026 तक गौवंश को ‘राज्य माता’ का दर्जा दिलाने के लिए संकल्पबद्ध हैं। यदि सरकार हमारी मांगों को गंभीरता से नहीं लेती,तो हम राज्यव्यापी आंदोलन छेड़ने को मजबूर होंगे,जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।”उन्होंने कहा कि गौवंश केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं,बल्कि हमारी संस्कृति, कृषि और पर्यावरण से गहराई से जुड़ा हुआ है।

वहीं ठाकुर राम सिंह ने धर्मांतरण के बढ़ते मामलों पर सरकार की निष्क्रियता को लेकर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा,“मैंने पहले भी धर्मांतरण के खिलाफ आवाज उठाई थी,जिसके लिए मुझे जेल की सजा तक भुगतनी पड़ी,लेकिन मैं पीछे नहीं हटूंगा। सरकार को अवैध धर्मांतरण रोकने के लिए कठोर कानून बनाना होगा ताकि हिंदू समाज की धार्मिक स्वतंत्रता सुरक्षित रह सके।”

रैली शांतिपूर्ण रही और प्रशासन की मौजूदगी में पूरी अनुशासन के साथ संपन्न हुई। ज्ञापन प्राप्त करने के बाद अधिकारियों ने मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया।
इस प्रदर्शन ने मुंगेली में न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना को नई दिशा दी,बल्कि समाज के भीतर एकता और संगठन की भावना को भी मजबूत किया इस दौरान भारी संख्या में गौ सेवक एवं आम नागरिक सहित महिलाएं मौजूद रही



