मुंगेली/“स्वच्छ मुंगेली,स्वस्थ मुंगेली” के संकल्प को साकार करने की दिशा में आज कलेक्टर कुंदन कुमार ने नगर की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। सुबह से ही कलेक्टर शहर के प्रमुख बाजारों,बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचे तथा वहां की स्वच्छता व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने देखा कि कुछ स्थानों पर सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरती जा रही है। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने बाजार क्षेत्र में फल विक्रेताओं और होटल संचालकों को समझाइश दी कि वे अपनी दुकानों के बाहर डस्टबिन अनिवार्य रूप से रखें और कचरा केवल नगर पालिका के वाहनों में ही डालें।
बस स्टैंड पहुंचकर कलेक्टर ने वहां की साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बस संचालकों और ड्राइवरों से कहा कि बस स्टैंड की स्वच्छता बनाए रखना उनकी भी जिम्मेदारी है। इस दौरान जीवन बस सर्विस की एक बस के पास गंदगी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और तुरंत जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर कुमार ने स्पष्ट कहा कि यात्री सुविधाओं और स्वच्छता के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि हर नागरिक की भी जिम्मेदारी है।
उन्होंने नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि गीला और सूखा कचरा अलग-अलग डस्टबिन में रखने के लिए नागरिकों को लगातार जागरूक किया जाए। साथ ही, मोहल्लों और बाजारों में मुनादी के माध्यम से स्वच्छता संदेशों का प्रचार जारी रखने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर कुंदन कुमार का यह औचक निरीक्षण न केवल अधिकारियों और व्यापारियों के लिए चेतावनी साबित हुआ,बल्कि यह भी संदेश दिया कि स्वच्छ मुंगेली अभियान केवल नारे तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे व्यवहारिक रूप से लागू करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
इस दौरान नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी होरी सिंह ठाकुर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे



