मुंगेली/जिला कलेक्टोरेट परिसर में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में आज आम जनता की आवाज गूंज उठी। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार आयोजित इस जनदर्शन में अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिले के विभिन्न विकासखण्डों से आए 150 से अधिक नागरिकों ने शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने,राजस्व, शिक्षा,विद्युत,सामाजिक सुरक्षा,स्वास्थ्य और आधार सुधार जैसी विभिन्न समस्याओं के निराकरण हेतु आवेदन प्रस्तुत किए।
जनदर्शन में विकासखण्ड लोरमी के ग्राम चकला निवासी नारायण दास टंडन ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का लाभ दिलाने की मांग की वहीं ग्राम अमलीडीह के अशवन कुमार ने आधार कार्ड में नाम सुधार की गुहार लगाई।
ग्राम गैलूगांव के दीपांकुर ने एग्रीस्टेक पोर्टल में खसरा नंबर जोड़े जाने की मांग की जबकि ग्राम करीलकुंडा की राजनंदिनी ने अपनी अंकसूची में माता का नाम सुधार करवाने का आवेदन दिया।
ग्राम धपई निवासी मुकेश साहू ने विद्युत पोल को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग रखी,वहीं ठक्कर बापा वार्ड के दिव्यांग रितेश कोशले ने बैटरी चालित ट्रायसायकल उपलब्ध कराने की मांग की।
ग्राम छिरहुट्टी की जाना बाई पाटले ने महतारी वंदन योजना का लाभ दिलाने का आग्रह किया।
ग्राम लछनपुर के मनोहर ने किसान कार्ड में खसरा व रकबा दर्ज कराने, खम्हरिया के ग्रामीणों ने अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने,मजगांव के राघवेन्द्र सिंह ठाकुर ने भूमि की पर्ची बनवाने और लिलवाकापा के भागवत प्रसाद ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन दिलाने की मांग की।
इसी तरह ग्राम गुना के नेतराम साहू ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ दिलाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया।
वहीं पथरिया विकासखण्ड से आए ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं रखीं। ग्राम रोहराकला की संतरा बाई ने खेत का नामांतरण कराने,ग्राम हथकेरा के मिलाप सिंह ने भूमि अधिग्रहण की राशि का भुगतान करने की मांग की।
ग्राम बरेला,अमोरा और कुकुसदा के ग्रामीणों ने सड़कों की मरम्मत कराने की मांग रखी,जबकि शकुन पटेल ने स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत शौचालय स्वीकृति दिलाने का आवेदन दिया।
ग्राम चन्दखुरी के ज्वाला प्रसाद ने पक्की नाली निर्माण की मांग की।
जनदर्शन कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने सभी आवेदनों का संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस दौरान मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज,पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा,डिप्टी कलेक्टर सारिका मित्तल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जनदर्शन में आए आम नागरिकों ने कहा कि इस पहल से उन्हें अपनी समस्याओं को सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है। प्रशासन की इस पहल से शासन और जनता के बीच संवाद और विश्वास दोनों मजबूत हो रहे हैं।



