मुंगेली/इन दिनों नगर सहित पूरे क्षेत्र में नवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। जगह-जगह समितियों द्वारा मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। नगर के प्रमुख देवी मंदिरों में ज्वारा व कलश रखे गए हैं,जिनके दर्शन करने नगरवासियों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। आस्था और श्रद्धा के इस पर्व में लोगों की भीड़ उमड़ रही है,जिससे पूरा नगर भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है।
लेकिन श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के मामले में नगर पालिका की लापरवाही साफ झलक रही है। नगर के मुख्य मार्गों पर स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं,जिसके चलते रात में अंधेरा छाया रहता है। पुलपारा स्थित पुल और कमेटी हाल के पीछे बना पुल तो पूरी तरह अंधेरे में डूबा हुआ है। अंधेरे के कारण श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी हो रही है और किसी भी तरह की अनहोनी की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नवरात्रि जैसे बड़े पर्व में जहां नगर पालिका को विशेष इंतज़ाम करने चाहिए थे,वहीं उल्टा लापरवाही बरती जा रही है। श्रद्धालु अंधेरे में परेशान होकर देवी दर्शन के लिए मजबूर हैं। नगरवासियों का आरोप है कि आस्था और विश्वास के इस पर्व में नगर पालिका की उदासीनता बेहद खटक रही है।
नगरवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सभी प्रमुख मार्गों और पुलों पर रोशनी की व्यवस्था की जाए,ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना का सामना न करना पड़े। अन्यथा, यदि स्थिति नहीं सुधरी तो लोगों का आक्रोश और बढ़ सकता है।



