मुंगेली/सरगांव। छत्तीसगढ़ प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव एक दिवसीय प्रवास पर जिले के सरगांव पहुंचे। इस दौरान साहू समाज भवन में नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया। सिंहदेव के आगमन से स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने मुस्लिम समाज,यादव समाज,आदिवासी समाज सहित विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों और कांग्रेस के अन्य नेताओं से भेंट-मुलाकात कर क्षेत्र की राजनीतिक एवं सामाजिक गतिविधियों पर चर्चा की।
इस अवसर पर टीएस सिंहदेव ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर असफल साबित हो रही है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है,जिसके चलते लगातार घटनाओं में वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने बेहतर शासन,सुरक्षा और विकास की उम्मीदों के साथ सरकार से अपेक्षाएं की थीं, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों को लेकर आम लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।
हाफ बिजली योजना बंद होने और स्मार्ट मीटर के बिल पर उठाए सवाल
पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कांग्रेस सरकार की जनहितकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहाकि पिछली कांग्रेस सरकार की नीतियों से प्रदेश के किसान,व्यापारी,महिलाएं और समाज के विभिन्न वर्ग लाभान्वित हुए थे। उन्होंने कहा कि हाफ बिजली योजना ने आम उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। बिजली बिल में मिलने वाली राहत से मध्यमवर्गीय परिवारों और घरेलू उपभोक्ताओं को अपने खर्चों का प्रबंधन करने में मदद मिलती थी।
सिंहदेव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा की सरकार आने के बाद सबसे पहले हाफ बिजली योजना को बंद किया गया और घर-घर स्मार्ट मीटर लगाए गए। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से आने वाले भारी-भरकम बिजली बिलों से आम जनता परेशान है। उनके अनुसार,बिजली जैसी बुनियादी जरूरत से जुड़ी योजनाओं में आम नागरिकों को राहत मिलनी चाहिए,ताकि महंगाई के दौर में परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।
उन्होंने कांग्रेस सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि जनकल्याणकारी नीतियों का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को राहत देना और आर्थिक रूप से मजबूत बनाना था। उन्होंने प्रदेश की वर्तमान परिस्थितियों को लेकर भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।

रोहित शुक्ला बोले:वरिष्ठ नेताओं के आगमन से कार्यकर्ताओं में बढ़ता है उत्साह
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने टीएस सिंहदेव का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं का आगमन पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी होता है। इससे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा जनहित,सामाजिक समरसता और आम जनता के अधिकारों की रक्षा पर आधारित है।
रोहित शुक्ला ने विश्वास जताया कि आने वाला समय कांग्रेस के लिए अनुकूल होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने तथा जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को उठाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा सरकार की नीतियों और जनसमस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ जुटे हुए हैं।
विभिन्न समाजों और कांग्रेस नेताओं से की मुलाकात
सरगांव प्रवास के दौरान टीएस सिंहदेव ने विभिन्न सामाजिक वर्गों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस भेंट-मुलाकात को क्षेत्र में सामाजिक संवाद और कांग्रेस संगठन के कार्यकर्ताओं से संपर्क के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। साहू समाज भवन में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में स्थानीय नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया और संगठन से जुड़ी गतिविधियों में अपनी सहभागिता दिखाई।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय कांग्रेस नेताओं को वरिष्ठ नेतृत्व के साथ संवाद करने का अवसर मिला।
इस अवसर पर पूर्व विधायक चंद्रभान बारमते,पूर्व विधायक सियाराम कौशिक,पंकज सिंह,एजाज खोखर,शहर कांग्रेस अध्यक्ष दीपक गुप्ता,देवेंद्र वैष्णव,असद खोखर,सुरेंद्र,जैतराम खांडे,नीरज यादव सहित अन्य कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



