मुंगेली/प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार गुरुवार को मुंगेली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में क्षेत्र की तीन सूत्रीय मांगों को लेकर सब स्टेशन टेमरी का घेराव एवं धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों ने बढ़ती बिजली दरों और स्मार्ट मीटर के विरोध में जमकर आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार की बिजली व्यवस्था और उपभोक्ताओं पर बढ़ते आर्थिक बोझ को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी,ग्रामीणजन एवं युवा साथी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने बिजली दरों में बढ़ोतरी का विरोध करते हुए आम उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की। वहीं स्मार्ट मीटर को लेकर भी अपनी आपत्तियां दर्ज कराते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए बिजली व्यवस्था में पारदर्शिता और उचित दर सुनिश्चित की जानी चाहिए।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन के पश्चात मुंगेली नायब तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारियों को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिजली से जुड़ी समस्याओं को लेकर आम जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना और उपभोक्ताओं के हितों के लिए संघर्ष करना कांग्रेस की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के प्रभारी एवं नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहाकि बिजली आम जनता की मूलभूत आवश्यकता है और बिजली की दरों में लगातार बढ़ोतरी से आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी और बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं को शासन के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा।
कार्यक्रम के सह प्रभारी एवं क्षेत्र क्रमांक 09 पंढरभट्ठा के जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मीकांत भास्कर सहित कांग्रेस पदाधिकारियों ने भी प्रदर्शन को संबोधित किया। नेताओं ने स्मार्ट मीटर एवं बढ़ती बिजली दरों को लेकर सरकार से जनहित में निर्णय लेने की मांग की।
इस अवसर पर शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक गुप्ता,ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रघुराज सिंह श्रीनेत,देवेंद्र वैष्णव,सुरेंद्र पठारी,एजाज खोखर,नीरज यादव,गिलेश्वर टंडन,भरत पठारी,सुनील पठारी,मंजीत डांडे,तुलसी साहू,संजय साहू,रामचरण साहू,उमेश साहू,सुरेश पठारी,दिनेश साहू,जनक साहू,हेमंत पत्रे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, युवा साथी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि बिजली उपभोक्ताओं से जुड़ी समस्याओं का उचित समाधान नहीं किया गया तो आने वाले समय में भी जनहित के मुद्दों को लेकर चरणबद्ध तरीके से आंदोलन किया जाएगा।



