मुंगेली/असत्य पर सत्य,अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक महापर्व विजयादशमी (दशहरा) के पावन अवसर पर नगर पालिका परिषद मुंगेली के अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने समस्त नगरवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस पावन पर्व को भारतीय संस्कृति,परंपरा और धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण प्रतीक बताते हुए नगरवासियों के जीवन में सुख,शांति,समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि विजयादशमी का पर्व हमें यह संदेश देता है कि सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने वालों की अंततः विजय होती है। भगवान श्रीराम ने रावण का वध कर समाज को यह सीख दी कि अहंकार, अन्याय और बुराई चाहे कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हो,अंत में सत्य और धर्म के सामने उसे पराजित होना ही पड़ता है। यह पर्व हमें अपने भीतर मौजूदबुराइयों,अहंकार,क्रोध और नकारात्मक विचारों को त्यागकर सदाचार, प्रेम,सद्भाव और मानवता के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि दशहरा केवल रावण दहन और उत्सव मनाने का पर्व नहीं है,बल्कि यह आत्ममंथन करने और अपने जीवन में अच्छे विचारों को अपनाने का भी अवसर है। भगवान श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात कर हमें समाज में आपसी भाईचारा,सामाजिक समरसता और सौहार्द को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए। पर्व-त्योहार हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ ही समाज के लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने का भी कार्य करते हैं।
रोहित शुक्ला ने नगरवासियों से अपील की कि वे विजयादशमी का पर्व आपसी प्रेम,सद्भाव और उत्साह के साथ मनाएं तथा समाज में एकता और भाईचारे की भावना को और मजबूत करें। उन्होंने कामना की कि यह पावन पर्व मुंगेली नगर सहित पूरे क्षेत्र में सुख-समृद्धि,खुशहाली और विकास का नया संदेश लेकर आए तथा प्रत्येक परिवार के जीवन में नई ऊर्जा,सकारात्मकता और सफलता का संचार हो।
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने समस्त नगरवासियों को विजयादशमी एवं दशहरा पर्व की पुनःहार्दिक बधाई देते हुए सभी के सुखी,स्वस्थ,समृद्ध और मंगलमय जीवन की कामना की।



