नव प्रदेश के जिला संवाददाता सुशील शुक्ला को सेवा सम्मान समारोह में किया गया सम्मानित,उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित प्रदेश के कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
मुंगेली/जिले के वरिष्ठ पत्रकार एवं दैनिक नव प्रदेश के जिला संवाददाता सुशील शुक्ला को उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए सम्मानित किया गया। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान एवं समाचारों के माध्यम से जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।यह सम्मान उन्हें कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के हाथों प्राप्त हुआ
यह सम्मान समारोह 30 सितंबर 2026, बुधवार को बेमेतरा के नवागढ़ चौक स्थित शुभकामना होटल एवं रिसॉर्ट में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री दयालदास बघेल,मंत्री गुरु खुशवंत साहेब,दुर्ग सांसद विजय बघेल,बेमेतरा विधायक दीपेश साहू तथा साजा विधायक ईश्वर साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
पत्रकारिता में योगदान के लिए मिला सम्मान
समारोह के दौरान वरिष्ठ पत्रकार सुशील शुक्ला को उत्कृष्ट पत्रकारिता सम्मान प्रदान किया गया। लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय सुशील शुक्ला द्वारा मुंगेली जिले से जुड़े जनहित,स्थानीय समस्याओं,प्रशासनिक गतिविधियों,सामाजिक सरोकारों तथा क्षेत्रीय विकास के मुद्दों को समाचारों के माध्यम से प्रमुखता से सामने लाया जाता रहा है।
स्थानीय स्तर की समस्याओं को प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने के साथ-साथ आम नागरिकों की आवाज को समाचारों के माध्यम से मंच देने में उनकी भूमिका रही है। इसी योगदान को देखते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।
सम्मान से पत्रकारिता जगत में खुशी
सुशील शुक्ला को मिले इस सम्मान की जानकारी मिलते ही मुंगेली जिले के पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी। शुभचिंतकों ने कहा कि किसी पत्रकार के कार्य को सार्वजनिक रूप से सम्मान मिलना न केवल संबंधित पत्रकार के लिए बल्कि पूरे पत्रकारिता जगत के लिए गौरव की बात है।
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने पत्रकारिता को लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ बताते हुए कहा कि पत्रकारों की जिम्मेदारी समाज की समस्याओं और जनहित के विषयों को सामने लाने की है। ऐसे सम्मान पत्रकारों को अपने दायित्वों के प्रति और अधिक सक्रियता से कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
सुशील शुक्ला को मिले इस सम्मान से मुंगेली जिले का भी गौरव बढ़ा है। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें लगातार शुभकामनाएं एवं बधाइयां मिल रही हैं।



