चार प्रमुख स्थानों पर पुलिया निर्माण के लिए NH के SDO से की तत्काल चर्चा,आम जनता की परेशानी दूर करने दिए आवश्यक निर्देश
मुंगेली/नगर में निर्माणाधीन मुंगेली-पंडरिया मुख्य मार्ग पर बारिश के दौरान उत्पन्न हो रही जलभराव की समस्या को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वार्डवासियों एवं आम नागरिकों ने सड़क निर्माण के साथ-साथ विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। इनमें सबसे प्रमुख समस्या सड़क किनारे एवं आसपास के क्षेत्रों में पानी निकासी की रही।
वार्डवासियों ने बताया कि बारिश के दौरान कई स्थानों पर पानी जमा हो जाने से आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं सड़क निर्माण के चलते पानी के प्राकृतिक निकासी मार्ग प्रभावित होने की स्थिति में भविष्य में भी जलभराव की समस्या बढ़ने की आशंका जताई गई।
मौके पर नागरिकों की समस्याएं सुनने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने ठेकेदार के इंजीनियर से मौके पर चर्चा किया साथ ही लोक निर्माण विभाग के NH से तत्काल दूरभाष पर चर्चा की और निर्माणाधीन मार्ग के कारण आम जनता को हो रही परेशानियों तथा जल निकासी की समस्या से उन्हें अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के साथ-साथ जल निकासी की समुचित व्यवस्था होना भी बेहद आवश्यक है,ताकि बारिश के दिनों में लोगों को परेशानी न हो।
इन स्थानों पर पुलिया निर्माण का सुझाव
निरीक्षण के दौरान नागरिकों एवं नपा अध्यक्ष द्वारा जल निकासी को बेहतर बनाने के लिए प्रमुख स्थानों को चिन्हांकित किया गया। इनमें
श्री हनुमान मंदिर के पास,ICICI बैंक के पास,शिव बाजपेयी के घर के पास,अपना डेयरी के पास
पुलिया निर्माण कर पानी की निकासी का बेहतर इंतजाम करने की आवश्यकता बताई गई। नपा अध्यक्ष ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से इन स्थानों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही।
रोहित शुक्ला ने कहाकि सड़क विकास के साथ नागरिकों की सुविधा और जल निकासी की व्यवस्था को प्राथमिकता देना जरूरी है। निर्माण कार्य से किसी भी वार्ड या मोहल्ले के लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो,इसके लिए संबंधित विभाग से समन्वय कर आवश्यक समाधान कराया जाएगा।
उन्होंने कहाकि नगर की सड़कों एवं जल निकासी से जुड़ी समस्याओं को लेकर नगर पालिका स्तर पर भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। निर्माणाधीन मुख्य मार्ग शहर के लिए महत्वपूर्ण है, इसलिए इसके निर्माण में गुणवत्ता के साथ-साथ यातायात और जल निकासी की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान पार्षद कुलदीप पाटले,पार्षद प्रतिनिधि सत्येन्द्र सिंह ठाकुर,सुमित तिवारी,संतोष श्रीवास्तव,सूर्यकांत परिहार,सनी जैन एवं नीलू जैन सहित वार्डवासी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।



