मुंगेली/नगर पालिका परिषद मुंगेली के सभाकक्ष में बुधवार को चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों और व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) अंकुर पाण्डेय की मौजूदगी में हुई इस भेंट-मुलाकात का मुख्य उद्देश्य शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करना और जन सुविधाओं में विस्तार करना था।
समय पर मिले पानी,साफ रहे शहर
बैठक के दौरान व्यापारियों ने शहर की ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों ने मांग रखी कि शहर में साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए। साथ ही पेयजल आपूर्ति के लिए एक निश्चित समय सारणी (रोस्टर) तय करने का सुझाव दिया,ताकि व्यापारियों और आम जनता को पानी की किल्लत का सामना न करना पड़े।
व्यापारिक प्रतिष्ठानों के बाहर लगेंगे डस्टबिन
चर्चा के दौरान स्वच्छता को लेकर एक ठोस सहमति बनी। तय किया गया कि शहर के सभी व्यापारिक संस्थानों के सामने अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखे जाएंगे। इसके अलावा, नगर पालिका प्रशासन और व्यापारियों ने मिलकर यह निर्णय लिया कि जनसहयोग के माध्यम से आने वाले समय में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन वृक्षारोपण किया जाएगा और गिरते भू-जल स्तर को सुधारने के लिए जल संचयन (वाटर हार्वेस्टिंग) की दिशा में सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में इनकी रही मौजूदगी
इस अवसर पर चेंबर ऑफ कॉमर्स से राजकुमार वाधवा,सचिव अमितेश आर्य,कोषाध्यक्ष नरेंद्र कोटडिया,संरक्षक दुष्यंत दुबे,कार्यकारी अध्यक्ष रमेश यादव और सहसचिव दिनेश गोयल उपस्थित रहे। साथ ही सराफा संघ के अध्यक्ष धीरज सोनी व सचिव कमल सोनी और जनरल व्यापारी संघ के अध्यक्ष विजेंद्र नामदेव सहित शहर के अन्य गणमान्य व्यापारी सदस्य मौजूद रहे।
“शहर के विकास और स्वच्छता में व्यापारियों की भागीदारी सराहनीय है। डस्टबिन और वृक्षारोपण जैसी पहलों से मुंगेली एक आदर्श शहर के रूप में उभरेगा।”
अंकुर पाण्डेय,मुख्य नगर पालिका अधिकारी,मुंगेली



