मुंगेली/शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां मामूली पैसों के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पड़ाव चौक में फल्ली बेचने वाले युवक पर लोहे के चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया गया,जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,राजेन्द्र वार्ड सारथीपारा निवासी राजाराम सारथी (43 वर्ष) रोज की तरह पड़ाव चौक में ठेला लगाकर फल्ली बेच रहे थे। उनका पुत्र राहुल सारथी भी दुकान में उनकी मदद करता है। 18 अप्रैल 2026 की शाम करीब 6 बजे राहुल दुकान पर मौजूद था। रात लगभग 8 बजे मोहल्ले के आलोक सारथी ने सूचना दी कि राहुल पर सोमनाथ साहू ने लोहे के चापड़ से सिर और गले में गंभीर वार कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और घायल राहुल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया,जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले में प्रार्थी और मौके पर मौजूद गवाहों के बयान दर्ज किए। जांच में सामने आया कि मोबाइल के पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था,जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी सोमनाथ साहू उर्फ केशरिया (27 वर्ष),निवासी देवगांव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
उक्त कार्यवाही मे निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े प्रभारी थाना सिटी कोतवाली,प्र.आर. मनोज ठाकुर,आर. गिरीराज सिंह,विकास ठाकुर,योगेश यादव,अजय चन्द्राकर की अहम भूमिका रही



