मुंगेली/छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदेश के स्थानीय निवासियों को धार्मिक आस्था से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित “श्रीरामलला दर्शन (अयोध्या धाम) यात्रा योजना नियम 2024” के तहत मुंगेली जिले में श्रद्धालुओं को लगातार लाभान्वित किया जा रहा है। इसी क्रम में 15 अप्रैल 2026 को जिले के 64 श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम यात्रा के लिए विशेष ट्रेन के माध्यम से रवाना किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं को विदा किया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि पद्मनी मोहले,जनपद पंचायत पथरिया के सभापति रिंकु सिंह,मंडल अध्यक्ष संजय राजपूत,जनपद पंचायत मुंगेली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संतोष कुमार घोषले एवं सहायक नोडल अधिकारी आशीष ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह योजना राज्य शासन की एक महत्वपूर्ण पहल है,जिसके तहत श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम एवं काशी विश्वनाथ (बनारस) के दर्शन के लिए निःशुल्क यात्रा,आवास एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। मुंगेली जिले से चयनित यात्रियों को 11 मार्च 2024 से अब तक विशेष ट्रेनों के माध्यम से नियमित रूप से भेजा जा रहा है।
जिला प्रशासन के अनुसार, अब तक जिले के कुल 960 श्रद्धालु इस योजना के अंतर्गत अयोध्या धाम एवं काशी विश्वनाथ के दर्शन कर चुके हैं। इस योजना को लेकर जिले के नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है,जिससे अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए आवेदन कर रहे हैं।
आगामी यात्रा के तहत 13 मई 2026 को बिलासपुर रेलवे स्टेशन से श्रद्धालुओं को पुनः अयोध्या धाम के दर्शन हेतु रवाना किया जाएगा। इच्छुक नागरिक निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय ने इस अवसर पर कहाकि प्रदेश सरकार के द्वारा आम जनता के भगवान राम के प्रति असीम आस्था का सम्मान करते हुए ये योजना का शुरुआत की गई है अभी तक इस योजना के माध्यम से प्रदेश में हजारों लोगों ने श्री रामलला का दर्शन प्राप्त कर अपने जीवन को धन्य किया है वही उन्होंने आगे कहाकि यह योजना आम लोगों को भगवान श्रीराम के दर्शन कराने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है और इससे लोगों की धार्मिक आस्था को मजबूती मिल रही है। उन्होंने अधिक से अधिक नागरिकों से इस योजना का लाभ लेने की अपील की।





