मुंगेली/जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन, मुंगेली जिला एवं रोलबॉल एसोसिएशन,मुंगेली की नई कार्यकारिणी का विधिवत गठन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे,जिनमें नगर पालिका मुंगेली के अध्यक्ष रोहित शुक्ला,भाजपा जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी,मानसी होंडा के डायरेक्टर कवल सलूजा एवं जिला खेल अधिकारी संजय पाल प्रमुख रूप से शामिल थे।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ नेटबॉल संघ के सचिव राजेश राठौर राज्य से ऑब्जर्वर के रूप में मौजूद रहे जिनकी उपस्थिति में दोनों संगठनों की कार्यकारिणी का गठन सम्पन्न हुआ।
नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन,मुंगेली की नई कार्यकारिणी में संरक्षक के रूप में दीनानाथ केशरवानी,रोहित शुक्ला और कमल सलूजा को जिम्मेदारी दी गई है। अध्यक्ष पद पर सचिन मसीह, सचिव पद पर स्वप्निल चुनेकर,उपाध्यक्ष के रूप में रामनाथ जायसवाल,कोषाध्यक्ष के रूप में अजय राही तथा सहसचिव के रूप में संतराम यादव को नियुक्त किया गया। इसके अलावा थवि सिंह,राजनंदिनी निराला,वेद प्रकाश कुर्रे और मेघा रानी को सदस्य बनाया गया है।
वहीं रोलबॉल एसोसिएशन,मुंगेली की कार्यकारिणी में अध्यक्ष पद पर सचिन मसीह को चुना गया है। उपाध्यक्ष के रूप में अजय राही, रामनाथ जायसवाल और श्रीमती रामेश्वरी तिवारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सचिव पद पर शशांक डेविड,कोषाध्यक्ष के रूप में संकल्प जायसवाल तथा सदस्य के रूप में संतराम यादव को शामिल किया गया है।
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने अपने उद्बोधन में खिलाड़ियों को आश्वस्त किया कि उनकी आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जाएगी और नगर में बेहतर खेल मैदान उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
वही दीनानाथ केशरवानी ने अपने संबोधन में कहाकि जिले के सभी खेल संघों के साथ समन्वय कर मुंगेली में खेल सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्रदान करने की बात कही।
जिला खेल अधिकारी संजय पाल ने राज्य शासन द्वारा खिलाड़ियों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ उठाकर खिलाड़ी अपने खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं और भविष्य में मुंगेली में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन भी संभव हो सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान नेटबॉल एवं रोलबॉल के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही संघ के पदाधिकारियों ने भी अतिथियों का सम्मान कर आभार व्यक्त किया।
इस आयोजन ने मुंगेली जिले में खेलों के विकास की दिशा में एक नई उम्मीद जगाई है और यह पहल आने वाले समय में खिलाड़ियों के लिए बेहतर अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगी।




