मुंगेली/जिला पंचायत मुंगेली के अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय के नेतृत्व में जिला पंचायत सदस्यों की एक प्रतिनिधि टीम ने अपने परिवारजनों के साथ देश के विभिन्न राज्यों एवं प्रमुख शहरों का 12 दिवसीय भ्रमण किया। यह यात्रा 31 मार्च से प्रारंभ होकर 11 अप्रैल तक चली,जिसमें धार्मिक,पर्यटन एवं राष्ट्रीय महत्व के स्थलों का व्यापक भ्रमण किया गया।
इस यात्रा के दौरान टीम ने जम्मू-कश्मीर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल माता वैष्णोदेवी मंदिर में दर्शन कर अपनी यात्रा का आध्यात्मिक शुभारंभ किया। इसके पश्चात पंजाब के अमृतसर में स्थित स्वर्ण मंदिर में माथा टेककर देश की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत का अनुभव प्राप्त किया।
यात्रा का अगला पड़ाव कश्मीर रहा,जहां टीम ने प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर श्रीनगर,गुलमर्ग,सोनमार्ग,पहलगाम,लाल चौक तथा प्रसिद्ध डल झील का भ्रमण किया। यहां की वादियों, बर्फ से ढके पहाड़ों और शांत वातावरण ने सभी यात्रियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इसके अलावा टीम ने देश की राजधानी दिल्ली पहुंचकर भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय मुख्यालय तथा राजपथ सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का भी दौरा किया।
इस यात्रा में जिला पंचायत उपाध्यक्ष शांति देवचरण भास्कर सहित जिला पंचायत अध्यक्ष की पत्नी सुषमा श्रीकांत पांडेय,जिला पंचायत सदस्य अंबालिका साहू,दुर्गा उमाशंकर साहू,अनीता कमल साहू,अनिला देवेंद्र राजपूत,रतन संजय काटले,कांति उदय जायसवाल,संतोषी परमेश्वर ठाकुर अपने पारिवारिक सदस्यों एवं मित्रों के साथ शामिल रहे।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय ने इस यात्रा को “जीवन के महत्वपूर्ण अनुभवों से भरपूर” बताया। उन्होंने कहा कि:
“यह यात्रा केवल भ्रमण नहीं बल्कि एक सीखने और समझने का अवसर रही। माता वैष्णोदेवी और स्वर्ण मंदिर में दर्शन से आध्यात्मिक शांति मिली,वहीं कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरता ने मन को सुकून दिया। देश के विभिन्न हिस्सों की संस्कृति, व्यवस्था और विकास को करीब से देखने का अवसर मिला,उन्होंने आगे कहाकि इस तरह की यात्राएं जनप्रतिनिधियों को व्यापक दृष्टिकोण देती हैं,जिससे वे अपने क्षेत्र के विकास के लिए बेहतर योजनाएं बना सकते हैं।
यह 12 दिवसीय यात्रा आस्था,प्रकृति और राष्ट्रीय गौरव के अनुभवों से परिपूर्ण रही। सभी सदस्यों ने इसे यादगार बताते हुए भविष्य में भी इस तरह के शैक्षणिक एवं प्रेरणादायक भ्रमण की आवश्यकता जताई।






