मुंगेली/नगर के हृदय स्थल कहे जाने वाले महाराणा प्रताप चौक (पड़ाव चौक) में महान शूरवीर योद्धा महाराणा प्रताप की विशाल मूर्ति स्थापना को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 3 अप्रैल शुक्रवार को शाम 4 बजे महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा नगर में पहुंचेगी,जिसके भव्य स्वागत के लिए कनौजिया क्षत्रिय समाज के द्वारा जोरदार तैयारी की जा रही है।
इस ऐतिहासिक अवसर पर कनौजिया क्षत्रिय समाज के अध्यक्ष आनंद वल्लभ,जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री एवं पूर्व पार्षद श्री ठाकुर,सचिव रमेश सिंह राजपूत सहित सामाजिक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। सभी के द्वारा मूर्ति के नगर आगमन पर भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा,जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता की उम्मीद है।
पूर्व पार्षद एवं जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री श्री ठाकुर ने इस अवसर को गौरवपूर्ण बताते हुए कहाकि महाराणा प्रताप हमारे समाज के प्रेरणाश्रोत हैं। उनकी वीरता,त्याग और स्वाभिमान की गाथाएं आज भी लोगों को प्रेरित करती हैं। उन्होंने बताया कि नगर में उनकी मूर्ति स्थापित कराने के लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे,जिसका परिणाम अब सामने आ रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने की अपील किया है।
वहीं कनौजिया क्षत्रिय समाज के अध्यक्ष आनंद वल्लभ ने कहाकि यह केवल एक मूर्ति स्थापना नहीं,बल्कि हमारी संस्कृति,गौरव और वीरता के प्रतीक को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने कहाकि महाराणा प्रताप की प्रतिमा आने से नई पीढ़ी को उनके आदर्शों को जानने और अपनाने की प्रेरणा मिलेगी। समाज के सभी लोगों ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य किया है।
ज्ञात हो कि मूर्ति के नगर आगमन के बाद जल्द ही उसका भव्य अनावरण भी किया जाएगा,जिसे लेकर नगरवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।



