मुंगेली/जिला कांग्रेस कमेटी मुंगेली की नई कार्यकारिणी की घोषणा के साथ ही संगठन में उत्साह और नई ऊर्जा का माहौल देखने को मिल रहा है। जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के अनुमोदन के बाद पदाधिकारियों की सूची जारी की, जिसमें संगठनात्मक संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है।
जारी सूची में वरिष्ठ और सक्रिय कार्यकर्ता संजय यादव को जिला कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। संजय यादव लंबे समय से कांग्रेस के निष्ठावान कार्यकर्ता के रूप में पार्टी से जुड़े हुए हैं और मुंगेली जिला गठन के बाद लगातार जिला महामंत्री के रूप में संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते आ रहे हैं।
संजय यादव की पहचान न केवल एक समर्पित राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में है,बल्कि यादव समाज में भी वे एक प्रभावशाली चेहरा माने जाते हैं। समाज में उनकी गहरी पकड़ और सक्रिय भागीदारी के कारण वे लगातार सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं। यही वजह है कि उन्हें समाज में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का अवसर मिलता रहा है।
राजनीतिक दृष्टि से भी संजय यादव का अनुभव व्यापक रहा है। उन्होंने लोकसभा,विधानसभा,नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए पार्टी प्रत्याशियों के लिए पूरी निष्ठा से कार्य किया है। प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ उनके मजबूत संबंध भी उनकी राजनीतिक सक्रियता को दर्शाते हैं।
इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर संजय यादव ने प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट,सह प्रभारी विजय जांगिड़,प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज,पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल,नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत,राष्ट्रीय सचिव एवं भिलाई विधायक देवेंद्र यादव तथा जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहाकि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है,उस पर वे खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी कहाकि वे संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने,कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
कांग्रेस संगठन के जानकारों का मानना है कि संजय यादव को उपाध्यक्ष बनाए जाने से जिला कांग्रेस को नई मजबूती मिलेगी और संगठन जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय होगा। नई कार्यकारिणी के गठन के बाद कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह साफ तौर पर देखा जा रहा है,जिससे आगामी चुनावों में पार्टी को लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



