मुंगेली/जिला कांग्रेस कमेटी मुंगेली की नई कार्यकारिणी की घोषणा के साथ ही संगठन में नई ऊर्जा और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के अनुमोदन के बाद पदाधिकारियों की सूची जारी की, जिसमें संगठनात्मक संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है।
नई कार्यकारिणी में अनुभवी नेताओं के साथ-साथ युवा चेहरों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। इससे न केवल संगठन को मजबूती मिलने की उम्मीद है,बल्कि जमीनी स्तर पर पार्टी की सक्रियता भी बढ़ेगी।
सबसे खास बात यह रही कि अभिलाष सिंह को लगातार दूसरी बार जिला कांग्रेस का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे सागर सिंह बैस के जिलाध्यक्ष कार्यकाल में भी इसी पद पर अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उनकी पुनर्नियुक्ति को संगठन के प्रति उनकी सक्रियता, कार्यकर्ताओं से मजबूत जुड़ाव और प्रभावी कार्यशैली का परिणाम माना जा रहा है।
राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी है कि अभिलाष सिंह की कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ और संगठन को गतिशील बनाए रखने की क्षमता के चलते उन्हें फिर से यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस अवसर पर अभिलाष सिंह ने प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट,सह प्रभारी विजय जांगिड़,प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज,पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल,नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत तथा जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे संगठन को और मजबूत करने तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
नई कार्यकारिणी की घोषणा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने की रणनीति पर काम भी तेज कर दिया गया है।



