मुंगेली/शहर में बढ़ती भीषण गर्मी और तपते तापमान को देखते हुए आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की गई है। मुंगेली के पुलपारा स्थित हनुमान मंदिर के पास वार्ड पार्षद एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा द्वारा सार्वजनिक प्याऊ घर का उद्घाटन किया गया। इस पहल से क्षेत्रवासियों को गर्मी के दौरान शीतल पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने हनुमान मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा ने सभी नागरिकों को दुर्गा अष्टमी और श्री रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गर्मी के इस मौसम में स्वच्छ और ठंडा पानी लोगों की प्राथमिक आवश्यकता बन जाता है। उन्होंने बताया कि वार्डवासियों की मांग को ध्यान में रखते हुए इस सार्वजनिक प्याऊ घर की शुरुआत की गई है,जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर तहसीलदार कुणाल पाण्डेय,चंद्रकांत राही,जेठमल कोटड़िया,राणा प्रताप सिंह,उमाकांत सिंह,स्वतंत्र मिश्रा,अशोक सोनी,रामशरण यादव,राहुल पाठक सहित स्काउट गाइड के सहयोगी सदस्य और बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहाकि भीषण गर्मी में यह प्याऊ घर लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने नगर पालिका उपाध्यक्ष से ऐसे और जनहितकारी कार्यों की उम्मीद जताई है।







