मुंगेली/हिंदू नववर्ष एवं श्री राम नवमी के पावन अवसर पर मां भारती सेवा समिति द्वारा नगर में भव्य माता जगराता का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन 26 मार्च को शाम 7 बजे से दाऊपारा के पास स्थित रेस्ट हाउस मैदान में आयोजित होगा,जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम की विशेषता यह है कि इसमें छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध भजन गायक एवं छत्तीसगढ़ी स्टार कलाकार पंडित विवेक शर्मा अपनी मधुर भक्ति प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे। उनके भजनों की प्रस्तुति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेगी,जिसे लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजन को सफल बनाने के लिए नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा ने आयोजन समिति को सहयोग स्वरूप 11 हजार रुपये की राशि प्रदान की है। उनके इस सहयोग के लिए समिति के सदस्यों ने आभार व्यक्त किया है।
इस अवसर पर पार्षद निमेश देवांगन,आकाश सोनी एवं गजेंद्र साहू सहित अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे और कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।
नपा उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा एवं मां भारती सेवा समिति के सदस्यों ने नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस धार्मिक आयोजन का लाभ उठाएं और भक्ति रस में सराबोर हों। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को सशक्त करेगा,बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को भी बढ़ावा देगा।



