मुंगेली/अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुंगेली में महिला कांग्रेस कमेटी द्वारा होली मिलन समारोह एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर के बढ़ाए हुए कीमतों के विरोध में महिलाओं ने मोमबत्ती जलाकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन भी किया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर महिला एकता और सशक्तिकरण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला की पत्नी निशा शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहाकि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और समाज तथा राजनीति में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने आगे कहाकि महिला दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं बल्कि महिलाओं के अधिकार,सम्मान और समान अवसर के लिए संकल्प लेने का दिन भी है।
इस अवसर पर राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय महिलाओं का सम्मान भी किया गया। सम्मानित होने वाली महिलाओं में राखी तिवारी,जाहिदा बेगम,मनोरमा गुप्ता,आराधना तिवारी,साधना वर्मा,रानी वैष्णव और पार्षद प्रतिमा कोसले शामिल रहीं। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने सभी महिलाओं को श्रीफल और पुष्प भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके सामाजिक योगदान की सराहना की।
महिलाओं ने घरेलू गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इसका सबसे अधिक असर आम गृहिणियों पर पड़ रहा है। महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों ने मोमबत्ती जलाकर विरोध दर्ज कराते हुए केंद्र सरकार से गैस सिलेंडर के दाम कम करने की मांग की।


कार्यक्रम में उपस्थित नूरी खान (शहर अध्यक्ष) ने कहाकि महिलाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब अपने अधिकारों और समस्याओं को लेकर खुलकर सामने आ रही हैं और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रख रही हैं।
कार्यक्रम में निधि पौराणिक,मंजू शर्मा,ललिता सोनी,वैशाली सोनी,ममता श्रीवास्तव,रूपा सोनी और अनीता विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द व भाईचारे का संदेश दिया।
इस दौरान महिलाओं ने महिला सशक्तिकरण,शिक्षा और सामाजिक भागीदारी पर अपने विचार भी साझा किए। उन्होंने कहा कि समाज के विकास के लिए महिलाओं की भागीदारी और सम्मान बेहद जरूरी है। कार्यक्रम उत्साह, एकता और सामाजिक जागरूकता के माहौल में संपन्न हुआ।



