मुंगेली/नगर के विकास को नई गति देने के लिए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव 19 नवंबर को एक दिवसीय दौरे पर मुंगेली पहुंचेंगे। अपने आगमन पर वे नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत करोड़ों रूपए की विकास योजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन कर नगरवासियों को बड़ी सौगात देंगे।
उपमुख्यमंत्री श्री साव आगर खेल परिसर में आयोजित विशाल जनसभा एवं कार्यक्रम के माध्यम से कुल 12 लाख 39 हजार रूपए की लागत से निर्मित परशुराम चौक के सौंदर्यीकरण एवं मूर्ति स्थापना का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही वे नगर पालिका क्षेत्र में विभिन्न मदों से पूर्ण हो चुके 06 करोड़ 29 लाख रूपए से अधिक की लागत के 80 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे।
इसके अतिरिक्त उपमुख्यमंत्री श्री साव नगर में भौतिक संरचना एवं शहरी सुविधाओं को मजबूत बनाने हेतु 05 करोड़ 47 लाख रूपए से अधिक की लागत के 21 नए निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी करेंगे। इन कार्यों के पूर्ण होने से नगर के मार्ग,जल निकासी,सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।
कार्यक्रम की सफल तैयारी सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर कुन्दन कुमार ने आगर खेल परिसर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा,बैठने की व्यवस्था,मंच निर्माण सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, मुख्य नगर पालिका अधिकारी होरीलाल ठाकुर और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

इस कार्यक्रम को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने नगरवासियों से अपील की है कि उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव द्वारा मुंगेली को करोड़ों की विकास की सौगात दी जा रही है। ऐसे ऐतिहासिक अवसर पर सभी आम नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और नगर के विकास में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
मुंगेली में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम नगर की प्रगति को नई दिशा देने वाला साबित होने की उम्मीद है।



