मुंगेली/नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को देखते हुए मुंगेली पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर जिलेभर में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
त्यौहार के अवसर पर मुंगेली एवं लोरमी शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी भारी संख्या में श्रद्धालु मां दुर्गा के पंडालों में दर्शन के लिए पहुँचते हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ और उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने असामाजिक तत्वों पर निगरानी कड़ी कर दी है।
पुलिस की जानकारी के अनुसार,कुछ असामाजिक तत्व बड़े और मोटे चुड़े (कड़े) को हथियार की तरह इस्तेमाल कर विवाद या झगड़े की स्थिति में मुक्केबाजी के दौरान गंभीर चोट पहुँचा देते हैं। इस संभावित खतरे को रोकने के लिए साइबर सेल मुंगेली,थाना सिटी कोतवाली मुंगेली एवं थाना लोरमी पुलिस की संयुक्त टीम ने पैदल पेट्रोलिंग की और संदेहास्पद युवकों की सघन चेकिंग की।
पुलिस कार्रवाई के दौरान ऐसे युवकों की पहचान की गई,जो मोटे चुड़े पहने हुए थे। जांच अभियान में कुल 200 से अधिक मोटे चुड़े निकलवाकर पुलिस ने ज़ब्त किए। यह कदम त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना और हिंसक स्थिति को रोकने के लिए उठाया गया है।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि,“श्रद्धालुओं की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। त्योहारों में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सजग है। असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
त्यौहारों के दौरान जिलेभर में सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस की गश्त,चेकिंग और पंडालों की निगरानी लगातार जारी रहेगी।



