मुंगेली/विजयादशमी (दशहरा) पर्व के अवसर पर मुंगेली सिटी कोतवाली में पारंपरिक विधि-विधान से शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कोतवाली प्रभारी कार्तिकेश्वर जांगड़े सहित पुलिस कर्मियों ने हथियारों,उपकरणों और वाहनों की विधिवत पूजा-अर्चना कर शक्ति,सुरक्षा और विजय की कामना की।
परंपरा का निर्वहन
दशहरा पर्व पर सदियों से शस्त्र पूजन का विशेष दिन माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसी दिन भगवान श्रीराम ने रावण का वध किया था और माँ दुर्गा ने महिषासुर का संहार कर धर्म की स्थापना की थी। इसलिए पुलिस विभाग में भी इस दिन शस्त्रों की पूजा करने की परंपरा रही है। इसी क्रम में मुंगेली सिटी कोतवाली में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस कर्मियों ने अपने शस्त्रों को सुसज्जित कर पूजा अर्चना की।

सुरक्षा का संकल्प
पूजा के पश्चात कोतवाली प्रभारी कार्तिकेश्वर जांगड़े एवं पुलिस स्टाफ ने जनता की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए अपनी जिम्मेदारी का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि शस्त्र पूजा केवल परंपरा ही नहीं बल्कि यह जनता की रक्षा और न्याय की स्थापना के लिए शक्ति और संकल्प का प्रतीक है।



