मुंगेली/भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री रवि कांत ठाकुर 06,07 एवं 08 फरवरी को ओडिशा के पुरी में आयोजित होने जा रहे भारतीय मजदूर संघ के 21वें त्रैवार्षिक अखिल भारतीय अधिवेशन में भाग लेंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि यह अधिवेशन श्रमिक जगत के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जिसमें देशभर से लगभग 2500 पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
अधिवेशन में भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। इनमें कोयला,रेलवे,इस्पात,खदान,बिजली,स्कीम वर्कर,आंगनबाड़ी,आशा वर्कर,बैंक,इंश्योरेंस तथा असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के प्रतिनिधि शामिल रहेंगे। खास बात यह है कि इस बार पहली बार ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ बेलारूस,इटली,इंडोनेशिया,मिस्र,श्रीलंका,नेपाल और दक्षिण अफ्रीका जैसे यूरोपीय व अन्य देशों के प्रतिनिधि भी अधिवेशन में भाग लेंगे।
भारतीय मजदूर संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश से कुल 88 प्रतिनिधि इस अधिवेशन में शामिल हो रहे हैं जिनमें 14 महिला और 74 पुरुष प्रतिनिधि शामिल हैं। अधिवेशन के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रहे तकनीकी, आर्थिक और पर्यावरणीय परिवर्तनों का श्रमिक जगत पर पड़ने वाले प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
अधिवेशन का शुभारंभ केंद्रीय श्रम मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया करेंगे जबकि मुख्य अतिथि के रूप में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी उपस्थित रहेंगे। इस महत्वपूर्ण आयोजन की मेजबानी भारतीय मजदूर संघ ओडिशा प्रदेश द्वारा की जा रही है और इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिवेशन की सफलता के लिए देश के कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों ने अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री रवि कांत ठाकुर ने विश्वास जताया कि यह अधिवेशन श्रमिक हितों की रक्षा और उनके अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेने का मंच साबित होगा।



