मुंगेली। 15 अगस्त के पावन अवसर पर मुंगेली सिटी कोतवाली में स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम धूमधाम और देशभक्ति के उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह 8 बजे कोतवाली प्रभारी गिरजा शंकर यादव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर उपस्थित पुलिसकर्मियों, नगरवासियों और गणमान्य नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।

तिरंगे के लहराते ही परिसर में “वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” के नारे गूंज उठे। ध्वजारोहण के उपरांत सभी ने मिलकर राष्ट्रगान गाया और देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गए।
अपने संबोधन में कोतवाली प्रभारी गिरजा शंकर यादव ने कहा — “स्वतंत्रता दिवस केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि यह हमारे लिए उन वीर शहीदों को नमन करने का अवसर है, जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर हमें आज़ादी दिलाई। हमें संकल्प लेना चाहिए कि हम राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।”

कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि,सामाजिक कार्यकर्ता और आमजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मिठाई वितरण किया गया और सभी ने आपसी भाईचारे के साथ स्वतंत्रता दिवस की खुशियाँ साझा कीं।



