मुंगेली/UGC बिल के विरोध में पूरे देश में विरोध की लहर तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में भी सवर्ण समाज में इस बिल को लेकर जबरदस्त आक्रोश देखने को मिल रहा है। सवर्ण समाज के लोगों का कहना है कि यह बिल शिक्षा व्यवस्था और सामाजिक संतुलन के लिए नुकसानदायक है,इसलिए इसे “काला कानून” बताते हुए इसका विरोध किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,सवर्ण समाज के आह्वान पर आज शाम नगर में एक विशाल मशाल रैली निकाली जाएगी। यह रैली महाराणा प्रताप चौक (पड़ाव चौक) से शुरू होकर भगवान परशुराम चौक होते हुए पुराना बस स्टैंड तक जाएगी। रैली के दौरान हाथों में मशाल लेकर लोग UGC बिल के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएंगे और केंद्र सरकार से इसे वापस लेने की मांग करेंगे।
आयोजकों ने बताया कि इस रैली का उद्देश्य शांतिपूर्ण तरीके से जनभावनाओं को सरकार तक पहुंचाना है। सवर्ण समाज के पदाधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने नगर व आसपास के क्षेत्रों के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रैली में शामिल होकर अपनी सहभागिता निभाने की अपील की है।
मशाल रैली को लेकर नगर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से भी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं,ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। स्थानीय लोगों में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है और शाम होते-होते बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना जताई जा रही है।



