मुंगेली/नगर में नवरात्रि का पर्व इस बार विशेष धूमधाम और भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है। जगह-जगह समितियों द्वारा मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जिनका दर्शन करने और उनकी सुंदर साज-सज्जा देखने श्रद्धालु भारी संख्या में उमड़ रहे हैं।
इसी कड़ी में नगर के पड़ाव चौक स्थित भवानी महाशक्ति दुर्गोत्सव समिति सारथीपारा ने इस बार श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण प्रस्तुत किया है। समिति द्वारा रतनपुर की प्रसिद्ध सिद्ध शक्तिपीठ मां महामाया देवी के तर्ज पर प्रतिमा स्थापित की गई है। प्रतिमा की भव्यता और जीवंत स्वरूप श्रद्धालुओं को ऐसा अनुभव करा रहा है मानो वे सचमुच रतनपुर की मां महामाया के दर्शन कर रहे हों।

गौरतलब है कि यह समिति लगातार 48 वर्षों से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित करती आ रही है और हर बार अलग-अलग थीम और आकर्षक सजावट के कारण चर्चाओं में बनी रहती है। इस बार मां महामाया के स्वरूप में स्थापित प्रतिमा पूरे नगरवासियों के लिए श्रद्धा और आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

माता के दर्शन करने पहुंचे करणी सेना के नगर प्रभारी रविराज सिंह ने बताया कि नगर में कई स्थानों पर समितियों द्वारा भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं,लेकिन सारथीपारा समिति की प्रतिमा बेहद खास और जीवंत है। उन्होंने कहा—
“इस प्रतिमा के दर्शन के बाद ऐसा महसूस हुआ मानो सचमुच रतनपुर की मां महामाया के दर्शन कर लिए हों।”
श्रद्धालु दिनभर समिति द्वारा स्थापित प्रतिमा और सजावट का आनंद ले रहे हैं। भक्तिपूर्ण वातावरण में माता के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान है।



