रायपुर/राज्य शासन ने नांदघाट से मुंगेली तक की महत्वपूर्ण सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए 112 करोड़ 88 लाख 50 हजार रुपये की निविदा को मंजूरी दे दी है। निविदा स्वीकृत होने के बाद अब जल्द ही 36.40 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण कार्य की शुरुआत होने वाली है। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित हो जाएगा।
उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने लोक निर्माण विभाग के मुंगेली संभाग के कार्यपालन अभियंता को निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य अनुबंधित समयावधि में ही पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता के सभी मानकों का विशेष रूप से ध्यान रखा जाए और विभागीय मापदंडों के अनुरूप ही कार्य संपादित किया जाए, ताकि सड़क लंबे समय तक टिकाऊ और सुरक्षित रहे।
लोक निर्माण विभाग ने भी कार्यपालन अभियंता को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अनुबंधित कार्य का संपादन और पर्यवेक्षण विभागीय नियमों और तकनीकी मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह कार्य किसी अन्य एजेंसी को सब-लेट (Sub-let) नहीं किया जाएगा और कार्य के निष्पादन के लिए पावर-ऑफ-अटॉर्नी भी मान्य नहीं होगी।
राज्य शासन ने निविदा को मंजूरी देते हुए यह शर्त भी रखी है कि अनुबंध से पहले ठेकेदार से अतिरिक्त प्रदर्शन सुरक्षा (एडीशनल परफॉर्मेंस सिक्योरिटी – APS) की राशि की बैंक गारंटी प्राप्त की जाएगी। यह बैंक गारंटी पूरी कार्यावधि के दौरान प्रभावी रहेगी,जिससे परियोजना के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन को सुनिश्चित किया जा सके।
इस सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण से नांदघाट और मुंगेली के बीच आवागमन बेहतर होगा। साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को भी बेहतर सड़क सुविधा मिलने से व्यापार,परिवहन और दैनिक आवागमन में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।



