मुंगेली/नगर के पुराना बस स्टैंड श्री परशुराम चौक में 19 नवंबर को भगवान परशुराम की भव्य प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के समारोह में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर नगर में उत्साह का माहौल है तथा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का कार्य जोरों पर जारी है।
अनावरण कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु नगर पालिका द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियाँ की जा रही हैं। व्यवस्था का जायजा लेने के लिए नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों ने स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण दल में नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला,उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा,ब्राह्मण समाज के वरिष्ठ दुष्यंत दुबे,पार्षद प्रतिनिधि आयुष शुक्ला तथा नगर पालिका के इंजीनियर विद्यानंद यादव सहित कई अन्य नगर पालिका परिषद के कर्मचारी और ब्राह्मण समाज के लोग मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित प्रतिनिधियों ने मंच व्यवस्था,सुरक्षा व्यवस्था,यातायात प्रबंधन,साफ-सफाई तथा आगंतुकों की सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। जनप्रतिनिधियों ने संबंधित अधिकारियों को समय पर सभी तैयारियाँ पूर्ण करने तथा किसी भी प्रकार की कमी न रहने के निर्देश दिए।
स्थानीय नागरिकों और ब्राह्मण समाज के बीच इस कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। भगवान परशुराम की प्रतिमा का यह अनावरण मुंगेली के सांस्कृतिक इतिहास में एक विशेष अध्याय जोड़ने वाला माना जा रहा है। नगर पालिका परिषद और ब्राह्मण समाज ने लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।



