मुंगेली/धर्मनगरी खैरासेतगंगा में आगामी 18 दिसम्बर को संत शिरोमणी बाबा गुरू घासीदास जी की जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय,केबिनेट मंत्री गुरू खुशवंत साहेब तथा पूर्व खाद्य मंत्री एवं मुंगेली विधायक पून्नुलाल मोहले को सतनाम मानव कल्याण समिति के पदाधिकारियों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर औपचारिक आमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
खैरासेतगंगा धार्मिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र माना जाता है जहां वर्षभर विभिन्न पर्व अत्यंत हर्षोल्लास से मनाए जाते हैं। विशेषतः18 दिसंबर का दिन नगर के लिए महत्वपूर्ण रहा है, क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह भी इस दिन सहित कई अवसरों पर 3 से 4 बार यहाँ आकर क्षेत्र को कई सौगातें दे चुके हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आगमन से क्षेत्रवासियों में नया उत्साह देखने को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर पूरे नगर में तैयारियाँ जोरों पर हैं। मंदिरों में साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं अन्य व्यवस्थाओं का कार्य तेजी से किया जा रहा है। सड़कों से लेकर धार्मिक स्थलों तक विशेष सजावट की योजना बनाई जा रही है। संत शिरोमणी बाबा गुरू घासीदास जी की जयंती पर इस बार बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें प्रदेशभर से श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।
सतनाम मानव कल्याण समिति के अध्यक्ष मानिकलाल सोनवानी ने मुख्यमंत्री के आगमन की जानकारी देते हुए बताया कि समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।
निमंत्रण देने पहुंचे समिति पदाधिकारियों में अध्यक्ष मानिकलाल सोनवानी,उपाध्यक्ष कुलेश्वर बारमते,पूनाराम टोंडर,सलाहकार निरंजन टोडर, जितेन्द्र भास्कर,कर्मचारी युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष राधे टोंडर,सचिव सुखचंद भास्कर,संरक्षक रघुनंदन टोंडर,वरिष्ठ सदस्य अखिल टोंडर, राजमहंत जैतकुमार खांडे,सदस्य शत्रुहन टोंडर,सरपंच प्रतिनिधि शिवकुमार लहरिया एवं साहेब भास्कर शामिल थे।
धर्मनगरी में उत्सव का माहौल है और मुख्यमंत्री के आगमन का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है।



