मुंगेली/नगर के परमहंस वार्ड अंतर्गत फोकटपारा में संत शिरोमणि बाबा गुरुघासी दास जी की जयंती बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर वार्ड में विशेष आयोजन किया गया,जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर बाबा जी के विचारों को स्मरण किया।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला उपस्थित रहे। उनके साथ नगर पालिका पार्षद सुरज यादव,पार्षद कुलदीप पाटले,पार्षद संजय चंदेल,पार्षद प्रतिनिधि श्रवण सोनकर,रवि कोशले सहित आनंद सोनी,काकू पठान और कुमार भाई विशेष रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा गुरुघासी दास जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ की गई। अतिथियों ने बाबा जी के जीवन,उनके उपदेशों और समाज सुधार के कार्यों पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि बाबा गुरुघासी दास जी ने सत्य,अहिंसा और मानवता का संदेश देकर समाज को नई दिशा दी।
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि संत गुरुघासी दास जी के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने बाबा जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। आयोजन को सफल बनाने में वार्डवासियों का सराहनीय योगदान रहा।



