मुंगेली/स्थानीय जेसीज पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों ने नृत्य, संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। पूरे आयोजन में अनुशासन,ऊर्जा और सांस्कृतिक रंगत देखने को मिली।
कार्यक्रम के शुभारंभ से पहले मुख्य अतिथियों द्वारा गुब्बारे छोड़े गए,जिसके बाद दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। स्वागत भाषण देते हुए विद्यालय के प्राचार्य सुनील कुमार पांडेय ने सभी अतिथियों,अभिभावकों और गणमान्य नागरिकों का शब्द-सुमन से स्वागत किया तथा छात्रों के सर्वांगीण विकास में सांस्कृतिक गतिविधियों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
सांस्कृतिक प्रभारी शरदचंद्र साहू ने अपने उद्बोधन में कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि महीनों की मेहनत आज मंच पर जीवंत रूप में दिखाई देगी। उन्होंने कहा कि नृत्य,संगीत और नाटक के माध्यम से बच्चे न केवल मनोरंजन करेंगे बल्कि समाज को सकारात्मक संदेश भी देंगे।
जेसीज शिक्षा एवं समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष हिमांशु कुमार मिश्रा ने अपने संबोधन में विद्यालय की प्रगति और उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन हमेशा छात्रों को आधुनिक सुविधाएं और बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। आज की प्रस्तुतियों ने सिद्ध कर दिया है कि विद्यालय के छात्र हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की क्षमता रखते हैं।
कार्यक्रम में छात्रों ने भावपूर्ण गणेश वंदना,कत्थक जैसे शास्त्रीय नृत्य तथा आकर्षक समूह नृत्य प्रस्तुत किए। नाट्य प्रस्तुतियों में भस्मासुर,किलकारी,तारक मेहता तथा ‘जस्टिस फॉर विमेन’ विषय पर आधारित नाटक ने दर्शकों को भावुक और चिंतनशील कर दिया। लोक संस्कृति की झलक भी मंच पर देखने को मिली,जिसमें छत्तीसगढ़ी सुआ नृत्य,रावत नाच,पंजाब की गिद्दा और राजस्थान के घूमर ने वातावरण को लोक रंगों से सराबोर कर दिया।
पूरे कार्यक्रम में छात्रों की प्रतिभा,आत्मविश्वास और मेहनत स्पष्ट रूप से झलक रही थी,जिसे उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने खूब सराहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर

नगरपालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला,पार्षद अजय साहू,शहर कांग्रेस अध्यक्ष दीपक गुप्ता,श्रीकांत गोवर्धन,शैलेन्द्र जायसवाल,कन्हैया लाल कोटड़िया,प्रवीण कोचर,सुधीर जैन एवं स्कूल प्रबंधन समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य,विद्यालय का समस्त स्टाफ सहित बड़ी संख्या में अभिभावक तथा शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



