मुंगेली/अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक पर्व विजयादशमी इस वर्ष विशेष धूमधाम से मनाया जाएगा। मुंगेली के कोदवा बानी स्थित पानी टंकी के सामने वाले स्कूल मैदान में गुरुवार 2 अक्टूबर को 65वां दशहरा उत्सव हर्षोल्लास के साथ आयोजित होगा।
इस अवसर पर कोदवा बानी सरपंच प्रतिनिधि मंजीत रात्रे के सौजन्य से छत्तीसगढ़ी लोक कला मंच सोनहा माटी के सुप्रसिद्ध गायक भूपेन्द्र जायसवाल,गायिका मोनिका कौशिक एवं अन्य कलाकारों द्वारा शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति,गीत और नृत्य की झलक देखने को मिलेगी।

रामलीला और आतिशबाजी का विशेष आकर्षण
दशहरा पर्व पर इस बार 35 फीट ऊँचा रावण तैयार किया जा रहा है, जिसका दहन मुख्य आकर्षण रहेगा। रामलीला का भव्य मंचन और रावण दहन के साथ होने वाली सतरंगी आतिशबाजी पूरे मैदान को रोशन कर देगी।
हजारों लोग होंगे शामिल
मीडिया प्रभारी ने जानकारी दी कि दशहरा उत्सव को लेकर आसपास के ग्रामीण अंचलों से लेकर दूरदराज़ क्षेत्रों तक से हजारों की संख्या में श्रद्धालु और दर्शक जुटेंगे। जिस समय रावण दहन होता है,पूरा मैदान आतिशबाजी और उल्लास से गूंज उठता है।
शांति और सौहार्द की अपील
इस अवसर पर सरपंच श्रीमती दीपिका विकास रात्रे एवं सरपंच प्रतिनिधि मंजीत रात्रे ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे दशहरा उत्सव को शांति,सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाएँ।
यह उत्सव केवल धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से ही नहीं,बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक भी बनेगा।



