मुंगेली/जिले की सन राइस क्रिकेट सोसायटी के प्रतिभावान ऑलराउंडर क्रिकेट खिलाड़ी सुयश डिंडोरे पुत्र भुवन डिंडोरे ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। सुयश का चयन जांजगीर-चांपा जिला क्रिकेट एसोसिएशन की अंडर-14 टीम में हुआ है। यह उपलब्धि मुंगेली के खेल प्रेमियों और क्रिकेट जगत के लिए गर्व का विषय है।
सुयश डिंडोरे ने अपने चयन का श्रेय मुंगेली जिले के कलेक्टर कुंदन कुमार, जिला खेल अधिकारी संजय पाल,जांजगीर-चांपा क्रिकेट एसोसिएशन,अपने माता-पिता और सन राइस क्रिकेट सोसायटी मुंगेली के सभी प्रशिक्षकों और साथियों को दिया है। उन्होंने विशेष रूप से अकादमी के सदस्यों राहुल वाधवा,रामानंद पटेल,श्रवण जायसवाल,अनिल दुबे,राजेश सोनी,प्रभात,किशन,घनश्याम वर्मा और वीरेंद्र जायसवाल का आभार व्यक्त किया।
अकादमी के संचालक एवं कोच जलेश यादव ने बताया कि सन राइस क्रिकेट सोसायटी मुंगेली लगातार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अवसर प्रदान करने में अग्रसर है। यहां गांव और कस्बों के होनहार खिलाड़ियों को कम शुल्क में पूरे बारह महीने अभ्यास कराया जाता है। अकादमी में दो टर्फ विकेट और एक कांक्रीट विकेट नेट अभ्यास के लिए हैं, जबकि तीन टर्फ विकेट मैच के लिए उपलब्ध हैं।
यादव ने बताया कि अकादमी खिलाड़ियों को ज्यादा से ज्यादा मैच खेलने के अवसर देती है — खिलाड़ी न केवल दूसरे जिलों में जाकर मैच खेलते हैं बल्कि अन्य जिलों की टीमें भी मुंगेली आकर यहां मुकाबले खेलती हैं। इससे खिलाड़ियों का प्रदर्शन और आत्मविश्वास दोनों में निरंतर सुधार होता है।
विशेष बात यह है कि इस क्रिकेट सोसायटी में बालिकाओं और दिव्यांग खिलाड़ियों को 14 वर्ष तक निशुल्क क्रिकेट प्रशिक्षण दिया जाता है। यह प्रयास खेल के माध्यम से सामाजिक समरसता और समान अवसर की दिशा में एक सराहनीय पहल है।
सुयश डिंडोरे के चयन पर पूरे मुंगेली जिले में हर्ष का माहौल है। क्रिकेट प्रेमियों,खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने सुयश को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

कोच जलेश यादव ने कहा
“हमारी अकादमी मुंगेली के हर बच्चे के सपनों को साकार करने का प्रयास कर रही है। सुयश जैसे होनहार खिलाड़ी हमारी प्रेरणा हैं, जिनकी मेहनत और लगन आने वाली पीढ़ियों को आगे बढ़ने की राह दिखाएगी।”



