
मुंगेली/नगर पालिका के अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने अपने अध्यक्षीय कार्यकाल का एक वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी नागरिकों को महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए नगर के विकास और जनसेवा के लिए निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया।
इस खास मौके पर नगर पालिका मुंगेली की ओर से नगर के पुराना बस स्टैंड में एलईडी स्क्रीन लगाकर भारत-पाकिस्तान टी20 क्रिकेट मैच का लाइव प्रसारण कराया गया। भारत बनाम पाकिस्तान टी20 मैच का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित हुए और पूरे उत्साह के साथ मैच का लुत्फ उठाया। इस आयोजन ने नगर में उत्सव जैसा माहौल बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहा कि नगरवासियों के असीम प्रेम, सहयोग और आशीर्वाद की बदौलत ही एक सामान्य व्यक्ति को नगर के प्रथम नागरिक के रूप में सेवा करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और वे नगर के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करते रहेंगे।
गौरतलब है कि 15 फरवरी 2025 को नगरीय निकाय चुनाव के परिणाम घोषित हुए थे,जिसमें रोहित शुक्ला ने शानदार जीत हासिल कर नगर पालिका अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली थी। एक वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित इस कार्यक्रम में नगरवासियों की भारी उपस्थिति ने यह दर्शाया कि जनता का विश्वास और समर्थन आज भी उनके साथ मजबूती से बना हुआ है।




