मुंगेली/छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल द्वारा सार्वजनिक मंच से सिंधी समाज के प्रति कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के बाद जिलेभर में सिंधी समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। समाज के पदाधिकारियों ने इस मामले को धार्मिक और सामाजिक सौहार्द के लिए गंभीर खतरा बताते हुए जिला प्रशासन से तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार,अमित बघेल ने मंगलवार को अपने संबोधन में सिंधी समाज को ‘पाकिस्तानी’ कहकर संबोधित किया,साथ ही समाज के आराध्य देव भगवान श्री झूलेलाल जी के संबंध में अमर्यादित एवं अपमानजनक बातें कही। इस टिप्पणी से सिंधी समाज की धार्मिक भावनाएं गहराई से आहत हुई हैं।
समाजजनों का कहना है कि इस प्रकार के बयान सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने वाले हैं और प्रदेश की शांति व्यवस्था को खतरे में डाल सकते हैं। समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र और ठोस कदम नहीं उठाए, तो सिंधी समाज उग्र आंदोलन करने पर विवश होगा।
सिंधी समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि उनका समुदाय सदैव शांति, भाईचारे और राष्ट्रप्रेम की भावना में विश्वास रखता है, लेकिन अपने धर्म और आराध्य देवता का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने प्रशासन से आरोपी के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की,ताकि भविष्य में कोई व्यक्ति इस तरह की असामाजिक और भड़काऊ टिप्पणी करने का साहस न कर सके।
इस घटना के बाद से जिलेभर में सिंधी समाज के बीच रोष और असंतोष का माहौल है। समाज के लोग बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर न्याय और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, पुलिस प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू करने की बात कही है।



