मुंगेली/भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे क्रिकेट मैच का विरोध करते हुए रविवार को शिवसेना (UBT) की जिला इकाई ने नगर के पड़ाव चौक में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान जिला अध्यक्ष संतोष साहू के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए और पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की। एहतियातन मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा।
जिला अध्यक्ष संतोष साहू ने कहा कि पाकिस्तान लगातार भारत विरोधी गतिविधियों को अंजाम देता आ रहा है। हमारे देश के निर्दोष नागरिकों और सैनिकों पर हमले करवाकर भारतीयों की हत्या करता है। ऐसे देश के साथ क्रिकेट खेलना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान से मैच खेलना शहीदों और आतंकवाद की चपेट में आए नागरिकों का अपमान है।
वहीं संगठन के महासचिव भानु निषाद ने कहा कि पाकिस्तान भारत का सबसे बड़ा दुश्मन है। उसका इतिहास कायराना हरकतों से भरा पड़ा है। कुछ महीने पहले ही पहलगाम में निर्दोष भारतीयों को धर्म पूछकर मौत के घाट उतार दिया गया था। ऐसे देश के साथ क्रिकेट खेलना सिंदूर और शहीदों का अपमान है और पूरे देश को इसका विरोध तथा इस मैच का बहिष्कार करना चाहिए।
इस दौरान शिवसेना UBT के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद को बढ़ावा देता रहेगा,तब तक उनके साथ किसी भी तरह के खेल या सांस्कृतिक संबंध स्वीकार नहीं किए जाएंगे।



