मुंगेली/जिले के प्रतिभाशाली नर्तक शिवम सिंह राजपूत ने नृत्यधाम कला समिति भिलाई द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित “देश राग” राष्ट्रीय नृत्य प्रतियोगिता में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र,परिवार और विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।
यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 4 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक आयोजित की गई जिसमें देशभर से सैकड़ों प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के प्रारंभिक दौर में प्रतिभागियों को नृत्य प्रदर्शन और मौखिक प्रश्न राउंड से होकर गुजरना पड़ा। इन दोनों चरणों में शिवम सिंह राजपूत ने अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति,सटीक लय-ताल और विषय के गहन ज्ञान से निर्णायकों को प्रभावित किया।

अगले चरण में उन्होंने अपनी प्रस्तुति “शंकर अति प्रचंड” पर दी,जिसमें उनके भाव,अभिव्यक्ति और तालमेल ने निर्णायकों का दिल जीत लिया। मौखिक प्रश्न राउंड में भी उन्होंने चारों निर्णायकों के सभी प्रश्नों के सटीक और प्रभावशाली उत्तर देकर अपनी गहरी समझ का परिचय दिया।
अंतिम चरण में पहुंचे लगभग 10 से 12 प्रतिभागियों में से शिवम सिंह राजपूत ने सर्वाधिक अंक प्राप्त कर प्रतियोगिता का सर्वोच्च पुरस्कार “श्री श्री जयपद्मा सम्मान”अर्जित किया।

शिवम सिंह राजपूत,मुंगेली निवासी विष्णु सिंह राजपूत (ग्राम पंचायत सचिव) तथा शकुंतला राजपूत (शिक्षिका) के सुपुत्र हैं। वर्तमान में वे इंदिरा कला एवं संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ में कत्थक नृत्य में परास्नातक (पोस्ट ग्रेजुएट) के छात्र हैं।
उन्होंने अपना नृत्य अभ्यास ब्लॉसमिंग योग एंड डांस स्टूडियो, सरोना (रायपुर) में किया है। न केवल एक कुशल कलाकार बल्कि एक समर्पित शिक्षक के रूप में वे अब तक 1000 से अधिक विद्यार्थियों को नृत्य सिखा चुके हैं और निरंतर अपनी कला से समाज की सेवा कर रहे हैं।
उनकी इस अद्भुत उपलब्धि पर परिवार,शिक्षकों और नगरवासियों ने हर्ष व्यक्त किया है। शिवम ने कहा कि यह सम्मान उनके गुरुजनों और माता-पिता के आशीर्वाद का परिणाम है और वे आगे भी भारतीय शास्त्रीय नृत्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास जारी रखेंगे।
मुंगेली के इस युवा कलाकार की उपलब्धि ने न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र को गर्व से भर दिया है।



