मुंगेली/नगर पालिका क्षेत्र के केशवपुर,तिलक वार्ड में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती समारोह बड़े ही श्रद्धा,उत्साह और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके आगमन पर वार्डवासियों द्वारा पुष्पगुच्छ एवं आत्मीय स्वागत कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने संत गुरु रविदास जी के जीवन,विचारों और समाज सुधार में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने समानता,भाईचारे और मानवता का संदेश दिया,जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने वार्डवासियों को जयंती की शुभकामनाएं देते हुए गुरु रविदास के विचारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नगर के कई जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे, जिनमें पार्षद विजय बंजारा,पार्षद रामकिशोर देवांगन,पार्षद दिलीप सोनी,पार्षद कुलदीप पाटले तथा पार्षद प्रतिनिधि रवि कोशले प्रमुख रूप से शामिल थे। सभी जनप्रतिनिधियों ने भी संत गुरु रविदास जी के विचारों पर अपने-अपने उद्बोधन दिए और सामाजिक समरसता पर बल दिया।
कार्यक्रम में भजन,प्रसाद वितरण एवं सामूहिक सहभागिता के माध्यम से जयंती को यादगार बनाया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित वार्डवासियों ने पूरे आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। आयोजन का समापन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ,जहां सभी ने संत रविदास जी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।




