
मुंगेली/जनपद पंचायत व जिला – मुंगेली के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत करुपान में सचिव को हटाए जाने के मुद्दे पर बड़ा विवाद सामने आया है। उपसरपंच सहित कुल 9 पंचों ने सामूहिक रूप से त्यागपत्र सौंपते हुए जिला कलेक्टर से पूरे मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,पंचों का आरोप है कि ग्राम पंचायत करुपान के सचिव सुशील सिंह ठाकुर को बिना पंचायत प्रतिनिधियों की जानकारी और सहमति के हटा दिया गया। इसके बाद ग्राम पंचायत भालापुर किया गया जिसे यथावत रहने का आवेदन दिया गया,जिस पर क्या कार्रवाई हुई इसकी जानकारी पंचायत प्रतिनिधियों को नहीं दी गई।
पंचों ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि उन्हें यह सूचना मिली है कि करुपान में एकतरफा सचिव का प्रभार हरिशंकर धीरही को दे दिया गया है,जिसे वे स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम में पंचायत के निर्वाचित प्रतिनिधियों को विश्वास में नहीं लिया गया,जिससे नाराज होकर उन्होंने सामूहिक त्यागपत्र देने का निर्णय लिया।
इन जनप्रतिनिधियों ने दिया त्यागपत्र:
1. सहदेव यादव – उपसरपंच
2. श्रीमती रीना साहू – पंच
3. श्रीमती रेनू साहू – पंच
4. श्रीमती सरिता यादव – पंच
5. श्रीमती सती बाई भारकर – पंच
6. ईश्वर पाटले – पंच
7. श्रीमती कमलेश्वरी साहू – पंच
8. श्रीमती दुर्गा साहू – पंच
9. जवाहर यादव – पंच
सभी ने हस्ताक्षर कर जिला कलेक्टर को संबोधित पत्र में अपना त्यागपत्र स्वीकार करने और पंचायत में रिक्त पद घोषित करने की मांग की है।
प्रशासन से की गई यह मांग
पंचों ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि पूरे मामले की जांच कराई जाए और पंचायत की सहमति के बिना लिए गए निर्णयों को निरस्त किया जाए। उनका कहना है कि पंचायत की स्वायत्तता और लोकतांत्रिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए पारदर्शिता जरूरी है।
गांव में बढ़ी हलचल
सामूहिक त्यागपत्र की खबर के बाद ग्राम करुपान में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। ग्रामीणों के बीच भी इस विषय पर चर्चा का माहौल है। यदि प्रशासन द्वारा समय रहते समाधान नहीं निकाला गया तो पंचायत का कामकाज प्रभावित हो सकता है।
अब सभी की नजर जिला प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई है। यह देखना अहम होगा कि कलेक्टर इस मामले में क्या निर्णय लेते हैं और क्या पंचायत प्रतिनिधियों का त्यागपत्र स्वीकार किया जाएगा या विवाद का कोई अन्य समाधान निकाला जाएगा।





