मुंगेली/छत्तीसगढ़ प्रदेश किसान कांग्रेस ने संगठनात्मक विस्तार करते हुए नई नियुक्तियों की सूची जारी की है। जारी सूची के अनुसार वरिष्ठ कांग्रेस नेता आत्मा सिंह क्षत्रिय को प्रदेश किसान कांग्रेस का प्रभारी महामंत्री (प्रशासनिक कार्य) नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति को संगठन में लंबे समय से सक्रिय और अनुभवी नेतृत्व को मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के रूप में देखा जा रहा है।
आत्मा सिंह क्षत्रिय का राजनीतिक जीवन चार दशकों से अधिक समय से सक्रिय और संघर्षपूर्ण रहा है। उन्होंने वर्ष 1984 में एस.एन.जी. महाविद्यालय मुंगेली के निर्वाचित अध्यक्ष के रूप में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने लगातार छात्र राजनीति और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई। वर्ष 1986 में गुरु घासीदास विश्वविद्यालय बिलासपुर की पत्रिका समिति के सचिव, 1987 में छात्र नागरिक संघर्ष समिति मुंगेली के सचिव तथा 1993 में युवा कांग्रेस मुंगेली ग्रामीण अध्यक्ष के रूप में उन्होंने अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया।
राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव के कारण उन्हें समय-समय पर कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं। वे 1995 में शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष,1996 में भारतीय किसान कांग्रेस के प्रांतीय उपाध्यक्ष,1998 में प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य तथा 2003 से 2008 तक मुंगेली विधानसभा के विधायक प्रतिनिधि के रूप में सक्रिय रहे। इसके अलावा उन्होंने 2013 में झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के जिलाध्यक्ष,जिला कांग्रेस कमेटी मुंगेली के उपाध्यक्ष,2014 में लोरमी विधानसभा प्रभारी तथा 2016 में प्रदेश उपाध्यक्ष जन समस्या निवारण प्रकोष्ठ जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का भी सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
मार्च 2018 से मार्च 2020 तक जिला कांग्रेस कमेटी मुंगेली के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठित करने और संगठन के विस्तार के लिए कई पहल कीं। इसके साथ ही उन्होंने एआईसीसी समन्वयक के रूप में उत्तर प्रदेश और असम में विधानसभा एवं पंचायत चुनावों के दौरान भी संगठनात्मक जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया।
स्थानीय स्तर पर भी आत्मा सिंह क्षत्रिय का योगदान उल्लेखनीय रहा है। वे 2021 से 2023 तक कृषि उपज मंडी समिति मुंगेली के अध्यक्ष रहे और किसानों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया। वहीं ठक्कर बाबा शिक्षण समिति के अध्यक्ष के रूप में वर्ष 2001 से अब तक शिक्षा के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
प्रदेश किसान कांग्रेस में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद आत्मा सिंह क्षत्रिय ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वे किसानों के हितों की रक्षा,उनकी समस्याओं के समाधान और संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
उनकी नियुक्ति पर क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है तथा उन्हें लगातार बधाइयां दी जा रही हैं।



