मुंगेली। नगर में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। समन्वय कला संगीत महाविद्यालय, मुंगेली के तत्वावधान में दिनांक 16 अगस्त 2025 को श्री राधा कृष्ण मंदिर परिसर में जन्माष्टमी महोत्सव बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाया जाएगा।
महोत्सव के अंतर्गत 16 अगस्त को ही दोपहर 2:00 बजे से 4:00 बजे तक बच्चों की डांस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके बाद शाम 4:00 बजे से 6:00 बजे तक ‘श्री कृष्ण बनो’ प्रतियोगिता होगी,जिसमें 2 से 6 वर्ष की आयु के बच्चे भाग ले सकेंगे। इन प्रतियोगिताओं में भाग लेना निःशुल्क है। निर्णायक मंडल द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मंच पर सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन समिति के सतपाल मक्कड़ एवं रितेश अग्रवाल ने बताया कि रात्रि 7:00 बजे से लेकर श्री कृष्ण जन्म के पावन क्षण तक ‘भजन संध्या’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भक्तों द्वारा भगवान कृष्ण की महिमा का गुणगान किया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा और भक्तों के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी।
नगरवासियों में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। महाविद्यालय प्रबंधन और आयोजन समिति ने सभी नगर वासियों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई देते हुए इस धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम में सपरिवार उपस्थित होकर इसे सफल बनाने का अनुरोध किया है।



