मुंगेली/रंग पंचमी के पावन अवसर पर कन्नौजिया क्षत्रिय समाज द्वारा समाज के पुरोधा एवं विख्यात कवि स्वर्गीय केदार सिंह परिहार की स्मृति में भव्य फाग महोत्सव एवं होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आपसी प्रेम,सौहार्द तथा भाईचारे के साथ होली के रंगों का आनंद लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय केदार सिंह परिहार के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। उपस्थित लोगों ने उनके समाज के प्रति योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने साहित्य और विचारों के माध्यम से समाज को एक नई दिशा दी।
इस अवसर पर समाज के अध्यक्ष आनंद वल्लभ सिंह ने अपने संबोधन में स्वर्गीय केदार सिंह परिहार के व्यक्तित्व और कृतित्व को स्मरण करते हुए कहा कि उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्व की स्मृति में आयोजित यह कार्यक्रम समाज को एकजुट रखने और परंपराओं को आगे बढ़ाने का माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान फाग गीतों की मधुर प्रस्तुतियों ने माहौल को पूरी तरह होलीमय बना दिया। पारंपरिक फाग और होली गीतों पर उपस्थित लोग झूम उठे और पूरे परिसर में उत्साह और उल्लास का वातावरण बन गया।
समाज के वरिष्ठ संरक्षक शंकर सिंह ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहाकि समाज की मजबूती आपसी एकता,प्रेम और भाईचारे में ही निहित है। उन्होंने सभी से सामाजिक सद्भाव बनाए रखने और एक-दूसरे के साथ मिलकर समाज के विकास के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
समारोह में समाज के वरिष्ठजनों के साथ-साथ युवाओं की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और सामाजिक एकता को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन आपसी मिलन, शुभकामनाओं और मंगलकामनाओं के साथ हुआ। पूरे आयोजन में पारंपरिक संस्कृति,सामाजिक एकता और होली के रंगों की खूबसूरत झलक देखने को मिली।



