मुंगेली। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर जेसीज पब्लिक स्कूल,मुंगेली में गुरुवार को भव्य “मटका सजाओ प्रतियोगिता” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नर्सरी से लेकर तीसरी कक्षा तक के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।




प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने रंग-बिरंगे रंगों,चमकीले गोटों,मोतियों और डिजाइनर कपड़ों से मिट्टी के मटकों को आकर्षक रूप दिया। हर मटका अपनी अलग ही कलाकारी और थीम के कारण दर्शकों का ध्यान खींच रहा था। विद्यालय परिसर में पूरे दिन उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।

मटका सजाओ प्रतियोगिता के साथ-साथ छोटे-छोटे बच्चों ने राधा और कृष्ण के रूप में सजकर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। भगवान श्रीकृष्ण की बांसुरी,मोरपंख और राधा के पारंपरिक परिधानों में सजे बच्चों ने मानो ब्रजधाम की झलक ही प्रस्तुत कर दी। उनकी नटखट अदाएं और भावभंगिमाएं देखकर शिक्षिकाएं भावविभोर हो उठी।

विद्यालय के प्राचार्य सुनील पाण्डेय ने बताया कि इस तरह की गतिविधियां न केवल बच्चों की कला और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करती हैं,बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति उनमें प्रेम और सम्मान भी विकसित करती हैं।
कार्यक्रम का समापन श्रीकृष्ण भजन के साथ हुआ जिसमें सभी बच्चों ने मिलकर भाग लिया और जन्माष्टमी पर्व को यादगार बना दिया।




